मंडी। वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद मंडी सदर इकाई कार्यकारिणी की बैठक रविवार को जेल रोड स्थित वरिष्ठ नागरिक कल्याण भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता सदर इकाई अध्यक्ष उमेश शर्मा की। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी के सदस्यों ने नशे, विशेषकर चिट्टे के बढ़ते प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त की तथा सरकार से सख्त कदम उठाने और अभिभावकों से अधिक जागरूक रहने को कहा है।
जिला पुस्तकालय को विजय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के भवन में शीघ्र स्थानांतरित न किए जाने पर रोष व्यक्त किया, जबकि इस भवन की ऊपरी मंजिल तथा निचले तल के कुछ कमरे पिछले कई वर्षों से खाली पड़े हैं। प्रशासन से इस दिशा में अतिशीघ्र कदम उठाने की मांग की है।
कार्यकारिणी ने आश्वासन के बावजूद बढ़ी हुई पानी की दरों को कम करने के संबंध में अब तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने पर भी चिंता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष अशोक अवस्थी, जिला अध्यक्ष आरएस राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शमशेर मनहास, सचिव रणजीत सिंह आदि उपस्थित रहे। संवाद