बालीचौकी के मुख्य बाजार में रोजाना हजारों लोगों की होती है आवाजाही
दुकानदार बोले, प्रशासन समस्या का हल नहीं कर रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। जिला मंडी और कुल्लू के साझा व्यावसायिक केंद्र बालीचौकी के मुख्य बाजार में सार्वजनिक शौचालय न होने से आम जनता, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस केंद्र में उपमंडल कार्यालय, लोक निर्माण विभाग, स्कूल और बैंक होने के बावजूद उचित शौचालय की सुविधा नहीं है।
टैक्सी स्टैंड स्थित शौचालय तंग और गंदगी से बदहाल है, जबकि पंचायत की ओर से बनाया गया दूसरा शौचालय दूर होने के कारण लोगों की पहुंच से बाहर है। दुकानदारों केसर दास और नरेंद्र कुमार ने कहा कि कई बार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। बाहर से आने वाले पर्यटकों के शौचालय के बारे में पूछने पर स्थानीय लोगों को शर्मिंदगी उठानी पड़ती है और कई लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं।
दुकानदारों गोकुल कुमार, नारायण दास, सुरेंद्र कुमार, हंस राज तथा स्थानीय लोगों प्रकाश, देवी राम, राम लाल व अन्य ने प्रशासन से आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त सुलभ शौचालय बनाने की मांग की है। ग्राम पंचायत बालीचौकी के प्रधान देवी सिंह ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में है। समाधान के लिए ठोस योजना तैयार कर इसे ग्राम सभा शेल्फ में शामिल किया गया है। बजट और प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही टैक्सी स्टैंड पर सर्वसुविधायुक्त सुलभ शौचालय का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।