धर्मपुर (मंडी)। नशा मुक्ति अभियान समिति धर्मपुर खंड कमेटी की बैठक सौली खड्ड में भोला दत्त कश्यप की अध्यक्षता में हुई। धर्मपुर में चल रहे अभियान को गति प्रदान करने तथा इसे व्यापक बनाने की योजना तैयार की गई।
भोला दत्त कश्यप ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में नशा मुक्ति कमेटियां नहीं बनी हैं उनमें 21 और 22 जनवरी को हो रही विशेष ग्राम सभाओं में गठन किया जाएगा। समिति की क्षेत्रीय कमेटियां इन सभाओं में जागरूकता अभियान चलाएंगी। अगले सप्ताह खाहला क्षेत्र की उन ग्राम पंचायतों में कमेटियां गठित की जाएंगी जहां पर इनका गठन नहीं हो पाया है। उसके बाद 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मौके पर टिहरा से बांदल चौक रेस्ट हाउस तक मार्चपास्ट कर पूर्व सैनिक लीग के सहयोग से पैदल यात्रा निकाली जाएगी।
इसका नेतृत्व कैप्टन रमेश तपवाल राज्य अध्यक्ष पूर्व सैनिक लीग करेंगे। मार्चपास्ट में टिहरा, कोट, तनियार और ग्रयोह ग्राम पंचायतों के महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह और स्कूल के विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाएगा। 2 मार्च को सज्याओपिपलु तथा 5 मार्च को धाड़ता क्षेत्र तथा 7 मार्च को धर्मपुर में महिलाओं के नशे के खिलाफ मेगा पैदल मार्च निकाले जाएंगे। बैठक में 14 जनवरी को सज्याओपिपलु लोहड़ी मेले के दौरान पुलिस विभाग की ओर से आयोजित मैराथन में अभियान समिति को शामिल होने से रोकने की भी कड़े शब्दों में निंदा की गई। संवाद