धर्मपुर (मंडी)। शिमला में राज्य स्तरीय अधिवेशन में दलितों के सांविधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए शोषण मुक्ति मंच का गठन किया गया। 17 नवंबर को जिला स्तर पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया। इसी क्रम में मंडी जिले में शोषण मुक्ति मंच की जिला कमेटी का गठन सात नवंबर को मंडी में किया जाएगा।
बैठक में मंच के राज्य संयोजक आशीष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। शोषण मुक्ति मंच सरकाघाट के संयोजक मान सिंह गारला, हेमराज व भूपेंद्र सिंह आदि ने बताया कि मंच का मुख्य उद्देश्य दलितों के साथ होने वाले अमानवीय व्यवहार, उत्पीड़न और अत्याचारों को रोकना है।
पूर्व जिला पार्षद एवं माकपा नेता भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हाल ही में रोहड़ू सहित प्रदेश के कई स्थानों पर दलितों के खिलाफ हुई घटनाओं पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। माकपा नेता एवं पूर्व विधायक राकेश सिंघा तथा राज्य सचिव एवं पूर्व शिमला महापौर संजय चौहान ने इन घटनाओं के विरोध में मुखर भूमिका निभाई। संवाद