सुंदरनगर के ऑनलाइन डिलीवरी स्टोर में जांच, बिना लाइसेंस सिगरेट डिस्प्ले करने पर चालान
फंगस लगे मोदक मिलने की शिकायत पर खाद्य विभाग की दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सुंदरनगर में ऑनलाइन खाद्य सामग्री की डिलीवरी करने वाले एक स्टोर में फंगस लगे मोदक मिलने की शिकायत पर खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच की। शिकायत मिलने के बाद टीम ने स्टोर का निरीक्षण किया और वहां से मोदक के दो सैंपल जांच के लिए लिए। इसके साथ ही नारियल पाउडर का भी एक सैंपल लिया गया है। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
विभाग की टीम ने मौके पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और रखरखाव की स्थिति भी जांची। लैब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है या नहीं, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्टोर में बिना लाइसेंस सिगरेट डिस्प्ले किए जाने का मामला भी सामने आया। विभाग ने इस पर हिमाचल प्रदेश खुली सिगरेट और बीड़ी की बिक्री पर रोक अधिनियम, 2016 के तहत चालान किया।
उधर, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग मंडी के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि लैब रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी। उपभोक्ताओं से आग्रह है कि किसी भी खाद्य सामग्री को लेने से पहले जांच परख जरूर कर लें।