उपमंडल में जगह-जगह जल स्रोतों की होगी सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। गोहर उपमंडल में पीलिया रोग के फैलाव को रोकने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़े के तहत शुक्रवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। एसडीएम गोहर के निर्देशों पर विकास खंड गोहर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान करीब एक दर्जन नालों, पेयजल स्रोतों, बावड़ियों और नलकूपों के आसपास फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए घर-घर संपर्क कर शारीरिक एवं पर्यावरणीय स्वच्छता का संदेश दिया गया।
इस अभियान में ग्राम पंचायत चच्योट, चैलचौक, नैहरा गणई, बासा और गोहर सहित कई क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया। अभियान का नेतृत्व एसडीएम गोहर, बीडीओ तथा डीएफओ नाचन ने किया। अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य में भाग लिया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
ग्राम पंचायतों के सचिव, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सेवक, सामाजिक संगठन, महिला मंडल, युवक मंडल तथा पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों सहित लगभग 200 स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।
अभियान के संचालन में चैलचौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजकुमार, हिल थ्रिल बढू, साई मेडिकल स्टोर गोहर, समाजसेवी गगन शर्मा, व्यापारी जगजीवन सिंह, समृद्धि युवा संगठन बस्सी तथा स्वयंसेवी संस्था भीमा इको सहित कई संस्थाओं ने दस्ताने, मास्क और कचरा संग्रहण हेतु प्लास्टिक बैग उपलब्ध कराकर सहयोग दिया।
अभियान के दौरान चिह्नित स्थानों और नालों से ठोस अपशिष्ट एकत्र कर सुरक्षित निस्तारण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर एसडीएम देवी राम और डीएफओ नाचन ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। बीडीओ मनु वर्मा ने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।