जेसीबी के साथ मैदान में उतरी टीम, बरसात में जलभराव से मिलेगी राहत
खबर का असर
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। ऐहजू से घट्टा तक मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरसात के दौरान जलभराव का कारण बनी बंद नालियों और कलवर्टों की आखिरकार सफाई शुरू हो गई है। संवाद न्यूज एजेंसी के माध्यम से अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एनएचएआई ने जेसीबी और कर्मचारियों को मौके पर तैनात कर दिया। बुधवार से शुरू हुआ अभियान वीरवार को भी जारी रहा।
रविवार की भारी बारिश में निकासी व्यवस्था बाधित होने से कई स्थानों पर हाईवे पर पानी भर गया था। सड़क नाले जैसी नजर आने लगी, जिससे दोपहिया और चौपहिया वाहन पानी में फंस गए। हाईवे किनारे होटल, ढाबों और दुकानों में भी पानी घुस गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बरसात में यही समस्या सामने आती है, क्योंकि नालियों और कलवर्टों की समय पर सफाई नहीं होती।एनएचएआई के साइट इंजीनियर अंकित ने बताया कि लगातार बारिश और भूस्खलन से निकासी व्यवस्था में मलबा भर गया था। इसे हटाने के लिए मशीनरी लगा दी गई है। सफाई पूरी होने के बाद जलभराव की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है।