16 से 59 वर्ष के पात्र श्रमिक जल्द बनवाएं ई-श्रम कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। श्रम कल्याण अधिकारी मंडी अनिल ठाकुर ने मंडी जोन के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से भारत सरकार के ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कर ई-श्रम कार्ड बनवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ई-श्रम कार्ड के माध्यम से श्रमिक केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि ई-श्रम पोर्टल का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का राष्ट्रीय डाटाबेस तैयार करना है, ताकि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंच सके। पंजीकरण के लिए श्रमिक की आयु 16 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आधार से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण और मोबाइल नंबर आवश्यक हैं। पात्र श्रमिक स्वयं ऑनलाइन या निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से पंजीकरण कर ई-श्रम कार्ड बनवा सकते हैं।