सलाह और अंबेडकर नगर वार्ड में हुआ नुकसान, सड़कें जलमग्न
सुंदरनगर में मानसून की तैयारियों को लेकर नगर परिषद और प्रशासन की खुली पोल
सुंदरनगर में एक घंटे की बारिश से शहर जलमग्न, नालों का पानी घरों में घुसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंडी)। सुंदरनगर में शनिवार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश ने नगर परिषद और प्रशासन की बरसात पूर्व तैयारियों की पोल खोल दी। महज एक घंटे की तेज बारिश से शहर के कई वार्डों की सड़कें जलमग्न हो गईं और नालों का पानी घरों तक पहुंच गया।
वार्ड-8 में लिंडी खड्ड उफान पर आ गई। खड्ड का तेज बहाव रास्ते में आने वाली वस्तुओं को बहाकर ले गया। खतरे को देखते हुए खड्ड किनारे रहने वाले लोगों ने अपने घर छोड़ सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। स्थानीय निवासी रोशन, सुदामा, उमेश और पंकज ने बताया कि यदि कुछ देर और बारिश होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लिंडी खड्ड के चैनलाइजेशन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उधर, नगर परिषद के सबसे बड़े वार्ड-4 में डढयाल नाले में मलबा और कचरा फंसने से पानी की निकासी बाधित हो गई। इससे डीएवी स्कूल मार्ग पर जलभराव हो गया। इसी वार्ड के सलाह गांव में बहोट नाले का पानी शिव चरण के घर में घुस गया। इसके चलते परिवार को पूरी रात दूसरे व्यक्ति के घर में शरण लेनी पड़ी। इसके अलावा सिनेमा चौक में जल निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण सड़क पर पानी भर गया, जिससे दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूर्व पार्षद शिव सिंह सेन ने कहा कि एक ही बारिश में पूरा शहर जलमग्न हो गया। नालों का पानी घरों में घुसने से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। एक ओर प्रशासन बड़ी-बड़ी बैठकें कर बरसात से निपटने के दावे कर रहा था, दूसरी ओर एक घंटे की बारिश ने सभी तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।
भारी नुकसान की सूचना नहीं : तहसीलदार
तहसीलदार सुंदरनगर अंकित शर्मा ने बताया कि शनिवार देर रात हुई बारिश के दौरान किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। शहर में विभिन्न स्थानों पर जलभराव की सूचना वार्ड पार्षदों और नगर परिषद को भेज दी गई है। फिलहाल नगर परिषद के किसी भी वार्ड से जान-माल के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
सुंदरनगर में बहोट नाले की वजह से जल मग्न हुई डेंटल कॉलेज की सड़क। स्त्रोत: जागरूक पाठक