प्रदेश पेंचक सिलाट एसोसिएशन ने 11,000 रुपये देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। वियतनाम में एशियन पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी ऋषभ चौहान का मंडी पहुंचने पर स्वागत किया गया। 10 वीं सीनियर एशियन पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले घुमारवीं के ऋषभ चौहान के मंडी पहुंचने पर पेंचक सिलाट एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की ओर से स्वागत किया गया। ऋषभ ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के टेंडिंग इवेंट (फाइट) के अंडर 45 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंद्र सिंह आजाद ने जानकारी दी कि ऋषभ चौहान पिछले चार वर्षों से मंडी स्थित हेमांग मार्शल आर्ट एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। स्वागत समारोह के दौरान प्रदेश पेंचक सिलाट एसोसिएशन की ओर से ऋषभ चौहान को शॉल और टोपी पहनाकर तथा 11,000 रुपये रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।