नेरचौक (मंडी)। नगर परिषद नेरचौक की आम सभा में पार्षदों ने विकास की धीमी गति पर खूब रोष जताया। कुछ ने डडौर पंचायत के तीन वार्डों की अनदेखी का आरोप लगाया। निर्णय लिया गया कि यदि समय रहते नप कार्यालय में स्टाफ की नियुक्ति नहीं हुई तो पार्षद धरना प्रदर्शन और अधिकारियों का घेराव करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। बैठक शुक्रवार को नगर परिषद के सभागार में हुई। इसकी अध्यक्षता नप अध्यक्ष लता कुमारी ने की। नगर परिषद कार्यालय में नियमित स्टाफ न होने से प्रभावित विकास कार्यों के संदर्भ में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने की बात भी हुई।
नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह आशीष शर्मा ने कहा कि पिछली बैठक में नागचला और डडौर में ट्रैफिक लाइट, हाईमास्ट लाइट और डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन के लिए नीति बनाई गई थी। इस पर काम हो रहा है।
पार्षद रजनीश सोनी ने प्रस्ताव रखा कि बीपीएल एवं आईआरडीपी परिवारों की चयन प्रक्रिया सही नहीं हुई है। नए सिरे से सर्वेक्षण करवाना अनिवार्य है। सदन ने निर्णय लिया कि वार्ड स्तर पर सभी 11 वार्डों में वार्ड सभा आयोजित की जाएगी और नए सिरे से आवेदन मांगे जाएंगे।
...
यह मांगें उठी
पार्षद सोनी ने प्रस्ताव रखा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज से बाजार तक ट्रैफिक की गंभीर समस्या को देखते हुए येलो लाइन लगाई जाए। फुटपाथ भी बनाए जाएं। सभी लोग नेरचौक में बनने वाले हवाई अड्डे के पक्षधर हैं लेकिन क्षेत्र के किसानों को उनकी उपजाऊ जमीन का चार गुना मुआवजा दिया जाए। पार्षद सुमन चौधरी, आलम राम और राम कृष्ण ने कहा कि वार्ड- 9- 10 एवं 11 में प्रधानमंत्री आवास योजना का जिओ टैग सर्वेक्षण नहीं किया जा रहा है। पार्षद सरस्वती ठाकुर और अमरप्रीत कौर ने सवाल किया कि 100 बिजली खंभे स्ट्रीट लाइट के लिए दो वर्ष पूर्व बिजली बोर्ड के माध्यम से लगवाए गए थे। वे बिना लाइट के जंग खा रहे हैं। पार्षद मनी राम ने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के प्रयास किए जाएं।
000