गोहर (मंडी)। बल्ह के कोयला माता मंदिर से नाचन के सेगली को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के द्वितीय चरण के तहत 2 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि मंजूर कर दी गई है। इस सड़क के बनने से जंजैहली से मंडी की दूरी चैलचौक और कोटमोरस के बजाय 30 किलोमीटर कम होगी।
बल्ह में बनने वाले प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जंजैहली को यह सड़क सीधा जोड़ेगी। पीएमजीएसवाई की इस सड़क को 2018 में मंजूरी दी थी।
सड़क निर्माण से जंजैहली के कांढा से यह सड़क गोहर, नरहाली, महरोट, बालहड़ी, सेगली, पीपलू होते हुए कोयला माता मंदिर सकरोहा में मिलेगी। लोनिवि के प्रमुख अभियंता आरके वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 27 नवंबर 2019 को इस सड़क के बजट की अधिसूचना जारी कर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने क्षेत्रवासियों को सौगात प्रदान की है। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाज सेवक चेतन कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने सीएम के प्रधान सचिव संजय कुंडू से मिलकर इस मामले को उठाया था। उन्होंने बताया कि संजय कुंडू ने लोनिवि के प्रमुख अभियंता को आदेश जारी कर इस सड़क को मंजूरी दी है। इस सड़क के बनने से नाचन, सराज, बल्ह और सदर पर्यटन गतिविधियों से जुड़ेगा। क्षेत्र वासियों गिरधारी लाल ठाकुर, देश राज शर्मा, गगन शर्मा, मुकेश कुमार, अधिवक्ता नवनीत, चमन राठौर, गोविंद राम ठाकुर, धर्म सिंह ठाकुर और शेर सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए सीएम जयराम ठाकुर का आभार प्रकट किया है।
000