हमीरपुर। नगर निगम क्षेत्र में बड़े बदलाव की शुरुआत हो गई है। शहर के कायाकल्प के लिए 150 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई है। इसके प्रथम चरण के निर्माण के लिए 60 करोड़ की राशि शहरी विकास विभाग ने लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी है।
पहले चरण में मौजूदा बस स्टैंड परिसर में आधुनिक सुविधाओं से लैस सिटी सेंटर का निर्माण किया जाएगा। यह अत्याआधुनिक सिटी सेंटर एस्कलेटर जैसी अत्याआधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। नए बस स्टैंड के शुरू होते ही यहां निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
इस सिटी सेंटर में 240 वाहनों की पार्किंग, एस्कलेटर और लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना का क्रियान्वयन अब लोक निर्माण विभाग की देखरेख में होगा। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से बजट तीन चरणों में जारी किया जाएगा। सिटी सेंटर का थ्रीडी नक्शा एनआईटी हमीरपुर के विशेषज्ञों की टीम ने तैयार किया है।
इसमें तीन बेसमेंट बनाए जाएंगे, जहां प्रत्येक तल पर लगभग 80 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। कुल मिलाकर 240 गाड़ियों के खड़े होने की व्यवस्था रहेगी। ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक जाने के लिए चार लिफ्टें लगाई जाएंगी। ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर 19-19 दुकानें विकसित की जाएंगी और एस्कलेटर की सुविधा भी दी जाएगी।
दूसरी मंजिल पर मल्टीब्रांड आउटलेट, तीसरी मंजिल पर फूड कोर्ट और गेमिंग जोन स्थापित होंगे। चौथी मंजिल पर लगभग 19 कमरों वाला गेस्ट हाउस बनाया जाएगा, जबकि पांचवीं मंजिल पर बहुउद्देशीय हॉल और रेस्टोरेंट की व्यवस्था होगी।
पार्किंग संकट से राहत
शहर में लंबे समय से बनी पार्किंग समस्या के समाधान के साथ यह सिटी सेंटर शॉपिंग और मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा। 150 करोड़ की इस व्यापक योजना के तहत शहर के अन्य हिस्सों में भी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
कोट्स
मई तक नए बस स्टैंड के शुरू होते ही मौजूदा बस स्टैंड पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। टेंडर प्रक्रियाएं जल्द ही पूरी की जाएंगी।
-दीपक कपिल, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हमीरपुर
शहर में पार्किंग की समस्या के समाधान के साथ मनोरंजन, शॉपिंग के लिए यह सिटी सेंटर लोगों के लिए अहम केंद्र बनेगा। 150 करोड़ के प्रोजेक्ट में शहर के अन्य हिस्सों में सुविधाओं को विकसित करने के कार्य होंगे।
-राकेश शर्मा, कमीश्नर, नगर निगम हमीरपुर