मंडी के सर्किंट हाउस में उप मुख्यमंत्री से मुलाकात करते सिटीजन काउंसिल मंडी के प्रधान ओपी कपूर।
मंडी। छह माह से पानी के बिल नहीं आने पर शहरवासियों की चिंता बढ़ती जा रही है। हिमाचल दिवस पर मंगलवार को मंडी पहुंचे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से पानी के बिल को लेकर सिटीजन काउंसिल मंडी के प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में मुलाकात की। इस दौरान मांगपत्र भी सौंपा।
प्रधान ओपी कपूर के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री से मांग रखी कि वह जल शक्ति विभाग को निर्देश दें कि जल्द पानी के बिल जारी किए जाएं। शहर में ग्रामीण इलाकों के बजाय पानी का बिल हजारों में आता है। ऐसे में प्रतिनिधिमंडल ने पानी के बिल को किस्तों में चुकाने की मांग भी रखी।
प्रतिनिधिमंडल में रविकांत कपूर, अनिल गुप्ता, रघुबीर मल्होत्रा, सुरेंद्र शर्मा, चंद्रमणि शर्मा, अजय सहगल आदि शामिल रहे। एक सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहले जब लोगों को बिल आ रहे थे तो वह चिल्ला रहे थे। अब नहीं आ रहे हैं तब भी परेशान हैं। पानी के बिल कब आएंगे या नहीं आएंगे, इस पर उप मुख्यमंत्री स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाए। संवाद