डैम की सुरक्षा में तैनात होंगे 56 जवान, 19 बाद में संभालेंगे ड्यूटी
केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद बीबीएमबी प्रोजेक्ट के सभी स्थानों से हटाई हिमाचल पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। अब पंडोह डैम पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का पहरा लग गया है। यहां सीआईएसएफ के 37 जवानों ने सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया है। केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद अब बीबीएमबी प्रोजेक्ट के सभी स्थानों से हिमाचल पुलिस की सुरक्षा को हटाकर इसे सीआईएसएफ को सौंपा गया है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश पुलिस ही पंडोह डैम और बीबीएमबी के सभी प्रोजेक्ट पर अपने जवानों के माध्यम से सुरक्षा मुहैया करवा रही थी।
हाल ही में केंद्र सरकार ने निर्णय लिया है कि हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट, डैम या अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर सीआईएसएफ सुरक्षा का जिम्मा संभालेगी। इसी के तहत हिमाचल में बीबीएमबी के प्रोजेक्ट पर भी सीआईएसएफ ने अपना मोर्चा संभाल लिया है। बीबीएमबी प्रोजेक्ट के तहत पंडोह में बना बांध सुरक्षा के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां पर सुरक्षा को लेकर सीआईएसएफ की तरफ से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए यहां पर कुल 56 जवानों को तैनात करने का निर्णय लिया गया है। इसमें से अभी तक 37 जवानों ने अपनी ड्यूटी संभाल ली है, जबकि 19 अन्य जवान अभी बाद में आएंगे।
उधर, बीबीएमबी के अधीक्षण अभियंता अजय पाल सिंह ने बताया कि पंडोह डैम की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के जवान तैनात हो गए हैं।