संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। चिट्टा के साथ पकड़े गए राजस्थान मूल के युवाओं को शनिवार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात मई तक यानी चार दिन की रिमांड पर भेज दिया है। धनोटू पुलिस अभी तक आरोपियों से चिट्टा तस्करी की जानकारी नहीं जुटा पाई है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से स्थानीय संपर्क के बारे जानकारी जुटाना चाहती है।
अभी पुलिस के पास यही जानकारी है कि आरोपी पहले शिमला के नारकंडा में काम करते थे। इनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। अतिरिक्त रिमांड मिलने पर अब पुलिस आरोपियों के राजस्थान पते के आधार पर वहां की पुलिस से इनका आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाने जा रही है। उधर 114 ग्राम चरस के मामले में हरियाणा निवासी आरोपी से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने उसे भी शनिवार को कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने उसे 14 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है। संवाद