नगवाईं (मंडी)। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगवाईं में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर नगवाईं बाजार और आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान बच्चों ने नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, नशा मुक्त समाज-स्वस्थ समाज जैसे नारों से आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में तहसीलदार औट रमेश राणा, प्रधान ग्राम पंचायत नगवाईं श्याम लाल शर्मा, उपप्रधान नंद लाल सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। संवाद