मंडी। कांगड़ा में फार्मेसी कर रहे तीन छात्रों को मंडी पुलिस ने 82 ग्राम चरस के साथ झटिंगरी के पास पकड़ा है। तीनों कार में सवार होकर बरोट की तरफ से आ रहे थे। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार में चरस बरामद की। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को आरोपियों को जोगिंद्रनगर न्यायालय में पेश किया गया, जहां तीन दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपियों को भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह पधर पुलिस के एएसआई नरेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने झटिंगरी के पास वाहन चेकिंग के लिए नाका लगाया था। ऐसे में बरोट की तरफ एक कार एचपी 19-7593 को जांच के लिए रोका गया। तीनों पुलिस को देख घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली और उनसे 82 ग्राम चरस बरामद की। युवकों की पहचान राजन (20) निवासी मटौर कांगड़ा, विशाल कुमार (19) निवासी ज्योल घयाण धर्मशाला और अमर संधू (19) कलोहा अंब ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ पधर यशवंत सिंह ने कहा कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की रिमांड पर भेज दिया है।
000