जोगिंद्रनगर (मंडी)। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए जोगिंद्रनगर प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। सोमवार को बाजार में करीब 30 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें करियाना, फल-सब्जी और खाद्य सामग्री की दुकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान पांच दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर चालान काटे गए।
एसडीएम मनीश चौधरी के नेतृत्व में खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। विभाग के निरीक्षक केसी पुरी ने मौके पर ही नियमों के तहत जुर्माना भी वसूला। प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
बाजार में अधिकारियों की टीम को देखकर कुछ दुकानदारों ने दुकानों में रखे प्रतिबंधित प्लास्टिक को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने कई जगहों पर सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर लिया। बाजार के निरीक्षण के दौरान नियमों की अवहेलना करने वाले कुछ दुकानदारों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी भी दी।
एसडीएम मनीश चौधरी ने बताया कि पर्यावरण को बचाने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रदेश में प्रतिबंध है और प्रशासन ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रखेगा।