22 को शिमला में रैली का आह्वान, सवर्ण समाज के अधिकारों के लिए उठी आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी की यूजीसी रोल बैक पदयात्रा के चौंतड़ा पहुंचने पर राजपूत सभा, ब्राह्मण सभा और सूद सभा के पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान जय भवानी और जय शिवजी के नारे लगाए गए।
प्रदेश अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने यूजीसी की नई गाइडलाइंस का विरोध करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर सवर्ण समाज के साथ पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं, किसानों, बागवानों और कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष कर रही है। मनाली से शिमला तक 600 किलोमीटर की पदयात्रा का उद्देश्य प्रदेश में तीसरा राजनीतिक विकल्प तैयार करना है। उन्होंने 22 अक्तूबर को शिमला में प्रस्तावित महारैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आह्वान किया। इस अवसर पर रणवीर ठाकुर, विनोद राठौर, सुरेश राठौर, विशाल राठौर, त्रिलोक चौहान, अनिल ठाकुर, प्रभात शर्मा और वीना शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।