जोगिंद्रनगर (मंडी)। विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण की भावना, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वीरवार को दयानंद भारतीय पब्लिक स्कूल में विकसित भारत 2047 विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की। शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त गणित प्रोफेसर रविंद्र ठाकुर तथा जोगिंद्रनगर मंडल के शिक्षक प्रकोष्ठ के सह समन्वयक एवं सेवानिवृत्त अर्थशास्त्र प्रवक्ता टेक चंद सकलानी कार्यक्रम में विशेष अतिथि रहे। चित्रकला में 10वीं का केशव प्रथम, 11वीं की प्रतीक्षा शर्मा द्वितीय तथा श्रीयांशी भारद्वाज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में 11वीं की रीतिका ठाकुर प्रथम, 12वीं की धनिका द्वितीय तथा 10वीं की अपूर्वा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को मैडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य राजेश डोगरा ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। संवाद