मंडी। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणाम निकलने के बाद भाजपा ने मंडी के चौहटा बाजार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में जीत का जश्न मनाया। हरियाणा में बहुमत मिलने और जम्मू-कश्मीर में शानदार प्रदर्शन से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने लड्डू के बजाय देसी घी से बनी जलेबी लोगों में बांटी। जलेबी से भरा थाल स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उठाते हुए लोगों को जीत की बधाई दी। उन्होंने खुद दुकानदारों को जलेबी खिलाई।
उन्होंने कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जब नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आते हैं तो कांग्रेस पार्टी के नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी बहुत खुश होते हैं। जब भाजपा के पक्ष में नतीजे आते हैं तो इसे यंत्र की खराबी कहकर सवाल खड़े करते हैं। कहा कि दोनों राज्यों में न तंत्र चला न मंत्र। यहां तो सिर्फ लोकतंत्र चला है। कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटियों और इनके कुप्रबंधन की बात जनता के समक्ष रखी। खुशी है कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस की झूठी गारंटियों को नकार कर भाजपा का साथ दिया। इससे पहले जीत से उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने चौहटा पटाखे फोड़े और ढोल नगाड़ों पर नृत्य भी किया। इस मौके में विधायक अनिल शर्मा, राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, दलीप कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा भी उपस्थित रहे।