थुनाग (मंडी)। थुनाग बाजार के बीचोबीच स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की थुनाग शाखा के सामने अब भी कई फीट मलबा पड़ा है। बैंक में रखा 39 लाख नकदी पूरी तरह सुरक्षित है। शाखा के साथ जुड़े 22 हजार खाताधारकों को घबराने की जरूरत नहीं है। यह बात राज्य सहकारी बैंक जिला कार्यालय मंडी-दो के असिस्टेंट जनरल मैनेजर पंकज शर्मा ने कही।
उन्होंने बताया कि बैंक के अंदर रखी फाइलों, कंप्यूटर और फर्नीचर को ही नुकसान पहुंचा है। यह शाखा 25 सालों से भी अधिक समय से यहां संचालित की जा रही है।
आपदा के बाद सड़क खुलते ही तीन बार वह उच्च अधिकारियों के साथ शाखा का जायजा ले चुके हैं। आपदा के बाद सरकार की ओर से जारी आदेशों के बाद एक करोड़ नकद प्रभावितों को फौरी राहत के तौर पर बांटा गया है। बिजली और इंटरनेट चालू होते ही तीन दिन के भीतर किसी अन्य भवन में अस्थायी तौर पर बैंक की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। संवाद