भीड़ के बीच शातिरों ने दिया वारदात को अंजाम
संदेह के आधार पर तीन महिलाएं पूछताछ के लिए तलब
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। क्षेत्र के नागचला मंदिर में शनिवार को शाही स्नान के दौरान उमड़ी महिलाओं की भीड़ में चोरों ने कई महिलाओं के पर्स से नकदी और आभूषण उड़ा लिए। घटनाओं के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने तलब किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। द्रुब्बल निवासी प्रवीणा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि भीड़ के बीच उनका पर्स चोरी हो गया। पर्स में नकदी के अलावा आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। वहीं, शाही स्नान के दौरान एक अन्य महिला का मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत भी पुलिस के पास पहुंची है। शनिवार को हारगुनैण पंचायत स्थित नागचला मंदिर में शाही स्नान और दर्शनों के लिए हजारों की संख्या में महिलाएं पहुंचीं। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए महिला पुलिस कर्मियों के साथ थाना प्रभारी रणजीत सिंह तथा पुलिस चौकी बस्सी और चौंतड़ा के जवानों को तैनात किया था। इसके बावजूद भीड़ के बीच चोरी की घटनाएं सामने आने से महिलाओं में भय का माहौल है।
पुलिस ने कुछ मामलों में चोरी हुए पर्स और जरूरी दस्तावेज बरामद कर संबंधित महिलाओं को वापस कर दिए हैं। वहीं, संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ कर पुलिस चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को मिली सभी शिकायतों की जांच की जा रही है और मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।