जोगिंद्रनगर (मंडी)। नेरघरवासड़ा पंचायत के मझारनू गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर 25 हजार रुपये की नकदी और करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मझारनू निवासी मेघ सिंह घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी पत्नी निर्मला देवी पास में ही एक रिश्तेदार के यहां आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में गई थीं। इसी दौरान चोर घर में घुसे और नकदी सहित आभूषण लेकर भाग गए। शनिवार देर रात परिवार के घर लौटने पर चोरी का पता चला। परिवार के अनुसार, चोर घर से करीब 25 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, कानों की झुमकियां और चांदी की कीमती पायल समेत अन्य सामान ले गए हैं। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस वारदात को सुलझाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मोबाइल फोन नंबरों का डंप डाटा जुटाकर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की तकनीकी और फोरेंसिक टीमें भी जांच में जुटी हैं। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है।