सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के नरेश चौक पर व्यक्ति को कुचलने का प्रयास करने के मामले में पुलिस हरकत में आ गई है। मामले को लेकर पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के वीडियो की जांच कर रही है। इसके अलावा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी की शिनाख्त करने में जुट गई है।
घटना बीते रविवार को देर रात करीब 12 बजे की है। नगर परिषद सुंदरनगर क्षेत्र के नरेश चौक के पास एक कार चालक ने शिकायतकर्ता पंकज सैनी पुत्र तेज लाल सैनी निवासी नरेश चौक सुंदरनगर को अपनी गाड़ी से कुचलने का प्रयास कर जानलेवा हमला किया था। इस संबंंध में पंकज ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर कार्रवाई करतते हुए पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
उधर, डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कार के नंबर का पता लगाकर चालक की शिनाख्त की जाएगी। घटना के वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।