जोगिंद्रनगर (मंडी)। तरामट गांव में रविवार को पूर्व सैनिक की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पूर्व सैनिक प्रताप चंद (78) को आंशिक चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि अनियंत्रित होकर सड़क से करीब तीस फुट नीचे दूसरी सड़क पर गिरने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर तरामट घट मंदिर में दर्शन कर लौट रहे पूर्व सैनिक की कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब तीस फुट नीचे दूसरी सड़क पर पलटकर गिर गई। कार में फंसे पूर्व सैनिक की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया।
इधर, सरकाघाट सड़क पर जोगिंद्रनगर के भट्ठा के समीप भी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाली में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक सुरक्षित रहा। यह घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जोगिंद्रनगर के तरामट और भट्ठा में हुए दोनों कार हादसों में किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। दोनों मामलों की जांच जारी है।