जोगिंद्रनगर (मंडी)। विधानसभा क्षेत्र जोगिंद्रनगर में जिला परिषद सदस्य के लिए चुनावी दंगल में उतरे प्रत्याशियों के पास लाखों के आलीशान मकान, लग्जरी कारें और लाखों के आभूषणों की संपत्ति है। भडयाड़ा वार्ड से जिला परिषद सदस्य बलवीर उर्फ अमन के पास तीस लाख का आलीशान मकान, तीन लग्जरी कारें, एक बाइक और दस लाख से अधिक के आभूषणों के अलावा बैंक खाते में पांच लाख रुपये की जमा पूंजी शामिल है।
लांगणा वार्ड की जिला परिषद सदस्य की प्रत्याशी रीमा देवी के बैंक खाते में पांच लाख रुपये, 12 लाख के आभूषण, पति के बैंक खाते में दो लाख और पति-पत्नी के पास एक लाख की नकदी का जिक्र निर्वाचन आयोग को सौंपे गए शपथ पत्र में किया गया है। भडयाड़ा वार्ड से जिला परिषद सदस्य अजय कुमार के बैंक में डेढ़ लाख रुपये पत्नी और उनके पास पांच लाख के सोने के आभूषण का जिक्र किया गया है।
इसी वार्ड के शेष राम के बैंक खाते में दो लाख रुपये, एक लग्जरी कार, पत्नी के पास तीन लाख के आभूषण और एक लाख की नकदी है। स्थानीय निर्वाचन अधिकारी के पास नामांकन दर्ज करवाने पहुंचे उपरोक्त चारों प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति का ब्योरा देकर पर्चे भरे।