धर्मपुर (मंडी)। नशा मुक्ति अभियान समिति सज्याओपिपलू क्षेत्र कमेटी की बैठक डाॅ. वीना राठौर की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई। बैठक में ग्राम पंचायतों में नशा मुक्ति के लिए जागरुकता शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई। 15 जून को घरवासड़ा, 18 को सज्याओ पिपलू, 19 को लौंगणी और 20 को जोढन ग्राम पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे।
क्षेत्र कमेटी की अध्यक्ष सेवानिवृत्त कॉलेज प्राचार्य डाॅ. वीना राठौर को बनाया गया है। बैठक में यह भी तय किया गया कि अभियान में महिलाओं को ज्यादा संख्या में शामिल किया जाएगा। इसके लिए जुलाई में महिलाओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसमें नशे की रोकथाम के संदेश वाले गीत, नाटक, कविताएं और सोशल मीडिया के लिए बेहतर रील्ज बनाने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यार्थियों के लिए मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
नशे के कारणों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए स्रोत व्यक्ति तैयार करने के लिए गुंजन स्वयंसेवी संस्था, हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति कार्य करेगी। प्रशासन के सहयोग से जुलाई में प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे। बैठक में कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रणताज राणा, मुख्य सलाहकार भोलादत्त कश्यप, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हंसराज शर्मा, उपाध्यक्ष रक्षा देवी आदि मौजूद रहे। संवाद