जोगिंद्रनगर की मच्छयाल खड्ड के ऊपर तैयार हो चुका 50 लाख के पैदल फुटब्रिज।
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मच्छयाल में लोक निर्माण विभाग के अनुमानित 50 लाख रुपये के फुटब्रिज पर सुरक्षा प्रबंधों में कोताही श्रद्धालुओं और राहगीराें की जान पर कभी भी भारी पड़ सकती है। उफनती खड्ड के ऊपर करीब दो साल पहले तैयार पैदल पुल की अपरोच में सुरक्षा रेलिंग न लगाने से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।
बरसात के समय रौद्र रूप दिखाने वाली खड्ड में कुछ लोगों की मौत भी लापरवाही के चलते हो चुकी है और अब खड्ड पर बने पुल में सुरक्षा के अधूरे प्रबंधों से फिर हादसों के खतरे को लेकर मच्छयाल प्रबंधन समिति ने नाराजगी जाहिर की है। प्राचीन मंदिर मच्छयाल और शनि मंदिर को आपस में जोड़ने के लिए करीब 28 मीटर लंबे पुल का निर्माण दो साल पहले शुरू हुआ था और बीते साल इस पुल का निर्माण पूरा होने के बाद अब लोग पुल से पैदल गुजरना भी शुरू हो गए हैं। धार्मिक स्थलों में हर रोज उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ भी इस पैदल पुल का इस्तेमाल कर रही है। अब सुरक्षा रेलिंग के अभाव से बड़े हादसों की संभावनाओं को देखते हुए चल्हारग पंचायत के पूर्व उपप्रधान कांशी राम, स्थानीय निवासी बीरी सिंह और मुनीष ने बताया कि छोटे बच्चों की अधिक आवाजाही से अनहोनी का डर बना रहता है। तहसीलदार रजत सेठी ने बताया कि सरकार के अधिकृत प्राचीन मंदिर मच्छयाल में तैयार हो चुके फुटब्रिज में सुरक्षा के अधूरे प्रबंधों पर वह फील्ड रिपोर्ट हासिल कर रहे हैं। आगामी कार्रवाई अमल में लाने के लिए स्थानीय प्रशासन को प्रस्ताव सौंपेंगे।
मच्छयाल खड्ड में लोक निर्माण विभाग की देखरेख में तैयार पैदल फुटब्रिज की अपरोच में सुरक्षा प्रबंधों की कमी का मामला ध्यान में लाया गया है। विभाग के कनिष्ठ अभियंता से रिपोर्ट तलब कर आगामी कदम उठाए जाएंगे।
-जेपी नायक, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग डिविजन जोगिंद्रनगर