आईटीआई मंडी में आयोजित जिला स्तरीय महिला खेलकूद में कबड्डी के मैच में दमखम दिखती खिलाड़ी।
मंडी। आईटीआई मंडी में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में आईटीआई जोगिंद्रनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरआल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। समापन समारोह में उपनिदेशक तकनीकी शिक्षा इंजीनियर ललित शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
समापन दिवस पर एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 1500 मीटर दौड़ में आईटीआई कोटली की खुशबू ने पहला, आईटीआई बगस्याड़ की कविता ने दूसरा और आईटीआई बरोटी की चाहत ने तीसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में आईटीआई मंडी की वंदना पहले, आईटीआई बरोटी की शिवानी दूसरे और आईटीआई बरोटी की इंदिरा तीसरे स्थान पर रहीं। डिस्कस थ्रो में आईटीआई मंडी की रेशमा ने पहला, आईटीआई थलौट की अमरवती ने दूसरा और आईटीआई कोटली की गुंजन ने तीसरा स्थान हासिल किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में आईटीआई चच्योट की आरती पहले, आईटीआई कोटली की गुंजन दूसरे और आईटीआई मंडी की रेशमा तीसरे स्थान पर रहीं। ट्रिपल जंप में आईटीआई कोटली की गुंजन ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि आईटीआई बरोटी दूसरे और आईटीआई बगस्याड़ की इशा तीसरे स्थान पर रहीं। लंबी कूद में आईटीआई बरोटी की रिशु ने पहला, आईटीआई बगस्याड़ की सुकन्या ने दूसरा और रागनी ने तीसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आईटीआई जोगिंद्रनगर और आईटीआई बगस्याड़ के बीच खेला गया। मुकाबले में जोगिंद्रनगर की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 45-17 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। आईटीआई मंडी के प्रधानाचार्य इंजीनियर अजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले की नौ आईटीआई संस्थाओं की 261 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान सरकारी आईटीआई डैहर के प्रधानाचार्य मनीष शर्मा, आईटीआई शिवाबादर के प्रधानाचार्य सुनील कुमार और सरकारी आईटीआई बल्ह के प्रधानाचार्य आदित्य रैना भी मौजूद रहे।