मंडी बस स्टैंड के बाहर सवारियां उतारने पर रोक, पुलिस ने लागू किए नए नियम
ई-चार्जिंग स्टेशन और जाम की समस्या से निपटने के लिए एचआरटीसी यूनियनों के प्रस्ताव पर निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए अब सुंदरनगर और जेल रोड की तरफ से आने वाली बसें बस स्टैंड के बाहर सवारियां नहीं उतार पाएंगी। मंडी पुलिस के नए नियमों के तहत अब सभी संबंधित बसों को भ्यूली चौक से यू-टर्न लेना होगा और वे केवल बस स्टैंड के अंदर ही सवारियों को उतार सकेंगी।बस स्टैंड के प्रवेश द्वार के पास ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित हुआ हैं। चार्जिंग स्टेशन पर इलेक्ट्रिक बसों के खड़े रहने के कारण वहां यू-टर्न के लिए जगह कम हो गई है जिससे बसों के सीधे प्रवेश करने पर बीच सड़क में लंबा जाम लग जाता था। इसके अलावा कुल्लू की तरफ जाने वाली बसें भी अब बस स्टैंड के बाहर सड़क पर खड़े होकर सवारियां लोड नहीं कर पाएंगी। भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही के बीच बाहर गाड़ियां खड़ी रहने से लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए अब यात्रियों को भी बस स्टैंड के अंदर से ही बस में चढ़ना और उतरना होगा।
इस समस्या के समाधान के लिए एचआरटीसी मंडी के ड्राइवर यूनियन के प्रधान वेद कुमार, लुद्र चंद सचिव, रमेश कुमार कोषाध्यक्ष और कंडक्टर यूनियन के जिला प्रधान रूप लाल नेगी, सचिव केशव ठाकुर व प्रेस सचिव ललित राजपूत ने एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा से मिलकर एक प्रस्ताव रखा। यूनियन की इस मांग और समस्या पर पुलिस ने तुरंत प्रभाव से यह व्यवस्था लागू कर दी है। हालांकि बस स्टैंड के अंदर लगने वाले संभावित जाम को लेकर यूनियन की बैठक और कमेटी की ओर से निर्णय लेने के बाद पुलिस को प्रस्तावों की अन्य सूचना दी जाएगी।
बाक्स
सुंदरनगर और सेरी मंच होकर मंडी आने वाली बसें अब भ्यूली से ही यू-टर्न लेकर बस स्टैंड में प्रवेश करेंगी। बस चालकों से कड़े निर्देश के साथ आग्रह है कि वे सवारियां केवल बस स्टैंड के अंदर ही उतारें और यात्री भी अंदर से ही बसों में सवार हों। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -अभिमन्यु वर्मा, एएसपी मंडी।