करसोग (मंडी)। सड़क हादसों में हर साल बढ़ रहे मौत के आंकड़े से लोनिवि ने कोई सबक नहीं लिया है। बगस्याड-सेरी सड़क पर मिट्टी (जीएसबी-ग्रेनुलर सब बेस) कुछ जरूरत से ज्यादा ही बिछा दी गई। बारिश में मिट्टी दलदल बन गई और सुबह पौने सात बजे सवारियों से भरी शालानी से शिमला जा रही निगम की बस फंस गई। बस का पिछला हिस्सा स्किड होने के बाद नाले की ओर मुड़ गया। इसके बाद बस चालक ने सवारियों को उतारा और प्रयास के बाद भी बस नहीं निकली तो चालक ने उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। इस दौरान सवारियों को आधे रास्ते में उतरने के बाद बारिश में ही पैदल बगशाड तक जाना पड़ा। बाद में पीडब्ल्यूडी को सूचित करने के बाद मौके पर जेसीबी भेजी गई और सड़क में रोड़ी डाले जाने के बाद बस दोपहर 12 बजे के बाद निकल पाई।
पहले भी लोहारली नाले के पास स्किड हुई थी बस
इसी महीने शालानी-शिमला बस इसी सड़क पर लोहारली नाले के पास अधिक मिट्टी बिछाने के कारण बारिश में स्किड कर गई थी। इस दौरान बस का पिछला हिस्सा पहाड़ी से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गया था। यही नहीं, बरसात में अधिक मिट्टी बिछाने के कारण सेब से लदा ट्रक स्किड हो गया, लेकिन एक बड़ा हादसा होने से टल गया। लोगों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी शायद किसी बड़े हादसे होने का इंतजार कर रहा है।
बस सड़क पर खड़ा करने के निर्देश दिए : आरएम
क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा का कहना है कि चालक ने बस स्किड होने की सूचना दे थी। जोखिम को देखते हुए बस को स्पॉट पर ही खड़ा करने के निर्देश दिए।
उधर, लोक निर्माण विभाग चुराग सब डिवीजन के सहायक अभियंता आरएल ठाकुर का कहना है कि सूचना मिलते ही फील्ड अधिकारियों को मौके पर भेज कर सड़क को बहाल करने के निर्देश दिए गए।