सड़क हादसे में बौद्ध भिक्षु की मौत
ढेलू के समीप स्कूटी दुर्घटना में गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी-पठानकोट हाईवे पर शहर से करीब एक किलोमीटर दूर ढेलू के पास शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक बौद्ध भिक्षु की मौत हो गई। मृतक की पहचान नवांगटडूप निवासी पलपुंग शेरबलिंग मोनिस्टरी अपर भट्टू तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंडी-पठानकोट हाईवे पर अपनी स्कूटी पर सवार होकर बौद्ध भिक्षु जब जोगिंद्रनगर से चौंतड़ा की ओर जा रहा था, तभी शुक्रवार सुबह स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए जोगिंद्रनगर अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की।
मृतक बौद्ध मोनिस्टरी में बौद्ध भिक्षु की शिक्षा हासिल कर रहा था। शुक्रवार को ही बौद्ध समुदाय के लोगों और उनके सहपाठियों ने इस दुखद मौत पर संवेदनाएं व्यक्त कीं और रीति रिवाज के तहत अंतिम संस्कार की रस्मों को भी पूरा किया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।