क्षेत्र की सिद्धपुर पंचायत की ठोठु खड्ड पर बन रहे पुल का कार्य गत 10 वर्षों से पूरा नहीं हो पाया है। पुल का कार्य लटकने से क्षेत्र की पांच पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के ग्रामीण कई बार विभागीय अधिकारियों व प्रशासन से पुल के कार्य को जल्द पूरा करने की मांग कर चुके हैं लेकिन, विभागीय अधिकारी लोगों की समस्या पर कोई गौर नहीं कर रहे हैं। हालात यह है कि लंबे अरसे लोगों को यातायात सुविधाओं से महरूम रहना पड़ रहा है।
बरसात के दिनों में सिद्धपुर, सकलाना, स्योह, खनौड़ व समौड़ पंचायतों का धर्मपुर के साथ संपर्क टूट जाता है। गाड़ियों की आवाजाही भी पूरी तरह से ठप पड़ जाती है। समौड़ पंचायत प्रधान व भाजपा मंडल महामंत्री प्रताप सिंह सकलानी, सिद्धपुर पंचायत के पूर्व प्रधान गंगा राम, बीरी सिंह, श्याम लाल, प्रदीप व बंशी ने कहा कि कहा कि अगर यह पुल तैयार हो जाता है तब क्षेत्र की पंाच पंचायतों के करीब 10 हजार लोगों को सीधा लाभ होगा।
अगर जल्दी पुल को तैयार नहीं किया गया व सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो क्षेत्र की जनता लोनिवि के खिलाफ सड़कों में उतरने से परहेज नहीं करेगी। उन्होंने विभाग को 15 दिनों के भीतर पुल का कार्य करने का अल्टीमेटम दिया है।