चौंतड़ा (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक आदर्श कन्या पाठशाला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल जोगिंद्रनगर में एक साल से पुस्तकालय अध्यक्ष के पद खाली पड़े हुए हैं। इससे पुस्तकालय में मौजूद किताबें धूल फांक रही हैं। विद्यार्थी पढ़ाई के लिए इनका प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। दोनों ही स्कूलों में विभिन्न विषयों के अध्यापकों को पुस्तकालय का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
शिक्षक पुस्तकालय के लिए समय नहीं दे पा रहे हैं। पुस्तकालय प्रभारी न होने के चलते इनका संचालन दोपहर तीन बजे तक ही हो पा रहा है। बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर के प्रधानाचार्य आशीष ने बताया कि पुस्तकालय की देखरेख में पेश आ रही दिक्कतों को शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के ध्यान में लाया गया है।
कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील ठाकुर ने कहा कि पुस्तकालय में मौजूद सुविधाओं का लाभ विद्यार्थियों को अधिक से अधिक मिल पाए इसलिए स्कूल में तैनात दो शिक्षकों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। पुस्तकालय प्रभारी की स्थायी नियुक्ति के लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उच्च उपनिदेशक से पत्राचार किया गया है। संवाद