28 अगस्त को ब्यास नदी में गिरा था बोलेरो पिकअप वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह के छह मील के पास ब्यास नदी में गिरे बोलेरो पिकअप वाहन के लापता चालक रमेश चंद का शव हादसे के छठे दिन वीरवार को धर्मपुर के कांढापत्तन में बरामद हुआ। शव हादसास्थल से काफी दूर बहकर यहां पहुंचा था। कांढापत्तन क्षेत्र पुलिस थाना धर्मपुर के अंतर्गत आता है।
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को छह मील पंडोह के पास महिंद्रा बोलेरो पिकअप के ब्यास नदी में गिरने की सूचना मिली थी। पंडोह पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक और वाहन की तलाश शुरू की। वाहन में सब्जियां लदी थीं और इसे रमेश चंद निवासी लगसाल, डाकघर राहला, तहसील औट चला रहे थे। एसडीआरएफ की मदद से कई दिनों तक नदी और उसके किनारे सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
तलाशी के दौरान वाहन का पता चल गया था। वाहन पंडोह बांध के भीतर गाद में फंसा हुआ है। इसे रस्सी से सुरक्षित बांधकर बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान चालक का शव बह गया था। वीरवार को शव कांढापत्तन के पास मिला, जिसकी पहचान परिजनों ने की। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की नियमानुसार जांच जारी है। मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होंगे।
टिहरी पंचायत प्रधान हरीश कुमार ने बताया कि रमेश चंद मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और बुजुर्ग मां छोड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि रमेश की तलाश के दौरान वह लगातार प्रशासन के संपर्क में रहे और रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया।