जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल की ऊहल, शानन और बस्सी बिजली परियोजना में रात को ब्लैकआउट किया जा रहा है। शानन बिजली परियोजना के माध्यम से स्थापित 300 से अधिक लाइटों को बंद रखा जा रहा है। बस्सी प्रोजेक्ट में भी रात को ब्लैकआउट रहा। 100 से अधिक स्ट्रीट लाइट बंद रखी गईं।
ऊहल परियोजना के संपूर्ण परिसर में रात के समय ब्लैकआउट रहा। सुरक्षा को लेकर तीनों ही परियोजनाओं में हाई अलर्ट है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। विकास खंड चौंतड़ा और द्रंग की कुल 55 पंचायतों में 800 से अधिक सोलर लाइटों पर काला कपड़ा ढक दिया गया है। खंड विकास अधिकारी चौंतड़ा पंकज ठाकुर ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों ने स्थानीय प्रशासन के आदेशों की पालना करते हुए सार्वजनिक रास्तों पर लगाईं स्ट्रीट लाइटों को एहतियातन बंद कर दिया है।
शानन प्रोजेक्ट के आरई सतीश कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट की सुरक्षा को लेकर रात के समय लाइटों को बंद रखा जा रहा है। बरोट स्थित रेजर वायर और शानन पावर हाउस के इर्द गिर्द सुरक्षा का सख्त पहरा बैठा दिया है। उधर बस्सी प्रोजेक्ट की आरई दिप्ती भट्ट ने कहा कि रात को ब्लैकआउट घोषित कर दिया है। हर तरह की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। संवाद