दो माह से न तेल मिला, न मिला रिफाइंड, अधिकारियों से मिल रहे कोरे आश्वासन
उपभोक्ता राशन डिपुओं के चक्कर काटने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले के राशन डिपुओं में उपभोक्ताओं को सरसों तेल के साथ-साथ रिफाइंड भी उपलब्ध नहीं हो रहा है। डिपो संचालक बार-बार तेल की आपूर्ति न होने का हवाला देकर उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटा रहे हैं। हालांकि खाद्य आपूर्ति निगम के अधिकारी जल्द ही डिपुओं में तेल की आपूर्ति बहाल होने का दावा कर रहे हैं। मई और जून में हजारों कार्ड धारकों को सस्ते दर पर मिलने वाला सरसों तेल और रिफाइंड नहीं मिल पाया है।
उपभोक्ता रोजाना राशन डिपुओं के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। एक सप्ताह पहले खाद्य आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि गुजरात की तेल कंपनी से टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 27-28 जून तक सभी राशन डिपुओं में तेल की आपूर्ति पहुंच जाएगी। इसके बावजूद अब तक उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली है।
कार्ड धारकों जानकी देवी, मीरा देवी, राधा देवी, धर्मी, सुनीता, कमला, राज कुमार और संजय आदि ने बताया कि इससे पहले भी कई बार तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन उस समय डिपु संचालकों की ओर से रिफाइंड उपलब्ध करवा दिया जाता था। इस बार न तो सरसों तेल मिल रहा है और न ही रिफाइंड की व्यवस्था की गई है।
उपभोक्ताओं ने खाद्य आपूर्ति निगम के अधिकारियों से जल्द से जल्द राशन डिपुओं में सरसों तेल और रिफाइंड की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में जिला खाद्य आपूर्ति निगम के मंडी, कुल्लू और लाहौल क्षेत्र के एरिया मैनेजर संजीव वर्मा ने बताया कि तेल कंपनी की ओर से स्टॉक भेज दिया गया है। अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश के सभी राशन डिपुओं में तेल की आपूर्ति पहुंच जाएगी।