अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य पर बाल स्कूल मंडी में खेली गई राज्य स्तरीय बॉस
मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य पर बाल स्कूल मंडी में आयोजित राज्यस्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता का समापन वीरवार को हुआ। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक विजिलेंस साक्षी वर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
खेल संयोजक डीएसपी रीता शर्मा ने बताया कि पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सिरमौर और सोलन के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें सिरमौर ने सोलन को 56-50 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में बिलासपुर और मंडी आमने-सामने रहे, जहां बिलासपुर ने 68-51 से जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में बिलासपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिरमौर को 69-52 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग के फाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल सरकाघाट और बिलासपुर के बीच मुकाबला हुआ। इसमें स्पोर्ट्स हॉस्टल सरकाघाट की टीम ने बिलासपुर को 48-24 अंकों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। समापन समारोह के दौरान केआर गर्ग, अशोक गर्ग, केके नेगी, देवराज सैनी, चंदन, राकेश, सुनील, संदीप और राज कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। संवाद