मंडी। जिला प्रशासन मंडी की ओर से शुरू की गई अभिनव पहल ‘मधु मांडव’ के तहत वीरवार को विकास खंड सराज की ग्राम पंचायत कांढा बगस्याड़ में मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी थुनाग डॉ. मनु वर्मा ने की। प्रशिक्षण में विकास खंड सराज से 25 तथा विकास खंड गोहर से 10 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात ग्रामीण विकास विभाग राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत लाभार्थियों को स्वयं की मधुमक्खी पालन इकाइयां स्थापित करने में सहयोग करेगा।
उपायुक्त मंडी के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल के तहत ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) और बागवानी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं। उधर, जिला विकास अधिकारी गोपी चंद पाठक ने बताया कि मधु मांडव को इस वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में प्रारंभिक आधार पर शुरू किया गया है। इस वर्ष यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विकास खंड बालीचौकी, सराज, करसोग और चुराग में आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मधु मांडव पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के स्थायी साधन सृजित करना है।