निवेश से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते, सुंदरनगर झील के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 10 करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) हिमाचल प्रदेश में 13 हजार मेगावाट क्षमता की पंप्ड स्टोरेज जलविद्युत परियोजनाएं स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है। इन परियोजनाओं पर करीब 65 हजार करोड़ रुपये का निवेश अनुमानित है। बीबीएमबी अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी ने बुधवार को सुंदरनगर में यह जानकारी दी।
त्रिपाठी ने दिव्यांग बच्चों के दिवाली फेस्ट-2026 के दौरान ये घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि सुंदरनगर झील के सुंदरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार है। सदस्य सिंचाई एवं मुख्य अभियंता बीएस नारा के नेतृत्व में यह योजना एक वर्ष में पूरी होगी। भाखड़ा और पौंग जलाशयों से गाद निकासी व नीलामी की योजना भी बनाई गई है। इससे हिमाचल सरकार को करीब 1600 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है। करीब 50 वर्ष पुराने डैहर पावर हाउस के आधुनिकीकरण को बोर्ड ने सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इससे परियोजना की कार्यक्षमता में सुधार होगा।
अन्य विकास कार्य
बीबीएमबी ने बाखली खड्ड में क्षतिग्रस्त दो पुलों के पुनर्निर्माण के लिए सीएसआर फंड से सहयोग दिया है। सुंदरनगर में सड़कों, पार्कों और अस्पतालों की सुविधाओं में सुधार के लिए भी बोर्ड प्रयास कर रहा है। त्रिपाठी ने स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष मल्लिका नड्डा और जगदीश राणा के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और बीएस नारा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।