कलखर के समीप जेसीबी से हुई चोरी। स्त्रोत- जागरूक पाठक
- फोटो : सांकेतिक
कलखर-ढलवान-जाहू सड़क पर खड़ीं दो जेसीबी और घटासनी में ट्रक को बनाया निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
बलद्वाड़ा/लडभड़ोल (मंडी)। जिले में अज्ञात शातिरों ने अलग-अलग स्थानों पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। कलखर-ढलवान-जाहू सड़क पर खड़ीं दो जेसीबी मशीनों से बैटरियां चोरी हो गईं। वहीं, घटासनी में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक का शीशा तोड़कर बैटरी सहित अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए।
गुम्हू के पास जेसीबी मालिक लक्की ठाकुर ने काम खत्म होने के बाद अपनी मशीन सड़क किनारे खड़ी की थी। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे उनके मोबाइल फोन पर बैटरी निकाले जाने का अलर्ट आया। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो जेसीबी से बैटरी गायब मिली। इसके बाद जांच करने पर कलखर के पास खड़ी दूसरी जेसीबी से भी बैटरी चोरी होने का पता चला। दोनों मशीनों से हजारों रुपये की कीमत की बैटरियां चोरी हुई हैं। मामले की सूचना हटली पुलिस को दी गई है। उधर, जोगिंद्रनगर थाना क्षेत्र के घटासनी में सड़क किनारे खड़े ट्रक से भी चोरी का मामला सामने आया है। चालक ने रात के समय ट्रक पार्क किया था। अगली सुबह पहुंचने पर ड्राइवर साइड की खिड़की का शीशा टूटा मिला। जांच करने पर ट्रक से बैटरी, जैक रॉड और अन्य जरूरी उपकरण गायब पाए गए। शिकायतकर्ता रजत शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।