विभाग जल्द सड़क पर बिछाएगा तारकोल
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। बनीखेत-बडेरु सड़क पर धंसे भाग को लोक निर्माण विभाग ने मिट्टी और पत्थर भरकर समतल करके वाहन चालकों को राहत दी है। आगामी समय में विभाग यहां पर तारकोल बिछाकर वाहन चालकों और राहगीरों को बड़ी राहत प्रदान करेगा। दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला में प्रमुखता के आधार पर खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया। इसके बाद अब वाहन चालकों को कुछ हद तक राहत मिली है।
बनीखेत-बडेरु सड़क पर पनिहार के समीप पिछले साल हुई भारी बरसात में सड़क का एक बड़ा भाग धंस गया था। इसको लोक निर्माण विभाग ने मिट्टी डाल कर अस्थायी तरीके से वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया। सड़क के इस क्षतिग्रस्त भाग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क धंसने के कारण मार्ग संकरा हो गया है। यहां से गुजरना वाहन चालकों के लिए परेशानी बना हुआ है। सड़क को दुरुस्त करने के बाद अब इस पर आवाजाही करना चालकों-राहगीरों के लिए चुनौतीपूर्ण नहीं रहेगा। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुनील धवन का कहना है कि नए बजट में इस सड़क के लिए मांग रखी गई है। जल्द सड़क के इस क्षतिग्रस्त भाग को पक्का कर दिया जाएगा।