खांदला में अनीता की जीत पर झूमे समर्थक
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। बल्ह क्षेत्र की ग्राम पंचायत छातड़ू में प्रधान पद के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में बलराज चौधरी ने जीत दर्ज की है। जीत के बाद बलराज चौधरी ने कहा कि पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
इधर, बल्हघाटी के खांदला में प्रधान पद के लिए मुकाबला दिलचस्प रहा। कांटे की टक्कर में अनीता कुमारी ने शानदार जीत हासिल की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी राम प्यारी को 116 मत के अंतर से करारी शिकस्त दी। अनीता कुमारी ने 702 मत, राम प्यारी को 586 मत प्राप्त हुए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही खांदला पंचायत मुख्यालय के बाहर समर्थकों ने नवनिर्वाचित प्रधान अनीता कुमारी को फूल-मालाओं से लाद दिया। जीत दर्ज करने के बाद भावुक हुईं नवनिर्वाचित प्रधान अनीता कुमारी ने कहा कि पंचायत के हर वार्ड का समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा।