फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi News: सरकाघाट में बदहाल सड़कें बनीं मुसीबत

विज्ञापन
विज्ञापन
गड्ढों में हिचकोले खा रही जिंदगी, छोटी गाड़ियों का चलना हुआ मुश्किल
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी

सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट में सड़कों की हालत अत्यंत खस्ता हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। वर्ष 2023 और 2025 में आई प्राकृतिक आपदाओं ने क्षेत्र की सड़कों को जो नुकसान पहुंचाया था, उसके निशान आज भी स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। मुख्य मार्गों से लेकर संपर्क सड़कों तक हर जगह गहरे गड्ढे, धंसे हुए डंगे और सड़क पर पड़ी दरारें हादसों को खुला न्योता दे रही हैं।

सरकाघाट से रिस्सा होते हुए दुर्गापुर और रिवालसर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग वर्तमान में अत्यंत खराब स्थिति में है। बाढ़ के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे वाहनों का आवागमन जोखिमपूर्ण हो गया है। वहीं मौंही–गोपालपुर–ठाणा–नैण मार्ग पर न केवल गहरे गड्ढे हैं, बल्कि सड़क किनारे उगी झाड़ियां और संकरे रास्ते यातायात को और अधिक बाधित कर रहे हैं। चम्याणू–बैहल और जुकैण मार्ग की स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। यहां सड़कें इतनी खराब हैं कि कार, स्कूटर और थ्री-व्हीलर चलाना लगभग असंभव हो गया है। गड्ढों के कारण यात्रियों को कमर और रीढ़ (डिस्क) से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

बाक्स
सरकाघाट–रिस्सा मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि हर समय खतरा बना रहता है। गड्ढों और भूस्खलन (ल्हासों) के कारण वाहनों का संचालन जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। -विजय कुमार, एडवोकेट, रोपड़ी सरकाघाट
बाक्स
2023 और 2025 की आपदाओं में हुए नुकसान के बाद विभाग और सरकार ने ऐसा कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे लोगों की परेशानी कम हो सके। -राजेंद्र कुमार, सरौर सरकाघाट
नबाही से घोड़ घुलाणू सड़क गड्ढों से भरी पड़ी है। छोटे वाहनों में सवारियों और सामान को उतारकर पैदल पार करना पड़ता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। -प्रेम सिंह, घुलाणू नबाही
सरकाघाट क्षेत्र में खराब सड़कों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। थोड़ी सी बारिश होते ही कई मार्ग बंद हो जाते हैं, लेकिन विभाग और प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। -बलदेव सिंह, नबाही देवी
खराब सड़कों की वजह से यदि दूरदराज गांव में कोई बीमार हो जाता है, तो वाहन चालक रात के समय मरीज को अस्पताल ले जाने से मना कर देते हैं। -चमन लाल पराशर, रोपड़ी सरकाघाट
विज्ञापन

बाक्स
विभाग को जैसे-जैसे बजट प्राप्त हो रहा है, उसके अनुसार गड्ढों की भराई और डंगे लगाने का कार्य किया जा रहा है। जहां स्थिति अधिक खराब है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मरम्मत का काम जारी है। -भूपेंद्र पाल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सरकाघाट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें