मंडी महाशिवरात्रि पर बाबा भूतनाथ मंदिर के बाहर दर्शनों के लिए लगी लाइन।
- फोटो : Mandi
मंडी। शिव पार्वती के ब्याह के पर्व महाशिवरात्रि महोत्सव पर स्वयंभू शिवलिंग बाबा भूतनाथ ने वीरवार को अपने मूल स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। एक महीने तक मक्खन से शिवलिंग का शृृंगार किया गया। तारारात्रि के रात अब मक्खन को उतार लिया गया है और विधिविधान से जलाभिषेक किया गया।
देव रीति से स्वयंभू शिवलिंग भूतनाथ की पूजा-अर्चना से महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ कर मंदिर में यज्ञ हवन किया। भूतनाथ मंदिर में बाबा के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। जिला मंडी के शिवालय दिनभर ओम नम: शिवाय के जयकारों से गुंजायमान रहे। इसमें बाबा भूतनाथ मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर, कामेश्वर मंदिर, त्रयंबकेश्वर महादेव, शिवशंभू और अन्य शिव मंदिरों में दिन भर भक्तों ने बिल्व पत्र, फल, दूध, आदि चढ़ाया।
कोरोना के चलते बाबा भूतनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया गया। बाबा भूतनाथ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि मंदिर में हवन यज्ञ कर पहले दिन फलाहर का भंडारा लगाया गया, लेकिन शुक्रवार से मंडयाली धाम का भंडारा देवलुओं के लिए लगेगा। संवाद