सरसकान पंचायत के तड़ा में साइट निरीक्षण करने पहुंचा उच्चच्तरीय दल। स्त्रोत- जागरूक पाठक
धर्मपुर (मंडी)। ग्राम पंचायत सरसकान में जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक स्वचालित मौसम केंद्र स्थापित किया जाएगा। उच्च स्तरीय टीम ने सोमवार को पंचायत रकबा तड़ा सरसकान में साइट का निरीक्षण किया।
पंचायत के प्रधान उमेश ललित ने बताया कि इस केंद्र का मुख्य कार्य मौसम संबंधी विभिन्न मापदंडों जैसे तापमान, आर्द्रता, वायुमंडलीय दबाव, हवा की गति और दिशा, और वर्षा को स्वायत्त रूप से मापना, रिकॉर्ड करना और संचारित करना होगा। ये केंद्र कृषि, जलवायु विज्ञान, अनुसंधान और पूर्वानुमान में सटीक, वास्तविक समय डाटा प्रदान करके महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर इंजीनियर करण और इंजीनियर प्रीतिका चौहान ने बताया कि यह मौसम केंद्र पूरी तरह ऑटोमेटिक होगा। बिना मानवीय हस्तक्षेप के लंबी अवधि तक डाटा को लगातार रिकॉर्ड और संग्रहित करता रहेगा। संयुक्त टीम में एएफडी दिल्ली के प्रतिनिधि नेहा पाटिल, प्रभाष दुबे, उपप्रधान सुनील कुमार, सचिव सुरेश ठाकुर, राम लाल राणा, पवन कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद