मंडी। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में खेले गए क्रिकेट मैच में ऑटो यूनियन की टीम ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। बिजली बोर्ड की टीम ने भी एलआईसी एकादश की टीम को पराजित कर जीत से आगाज किया।
सतगुरु प्रताप सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को ऑटो यूनियन के कप्तान ने टाॅस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाज पुनीत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे अधिक 26 रन बनाए। अभि ने भी 12 रनों की पारी खेली। ऑटो यूनियन टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 92 रनों का स्कोर खड़ा किया। राजस्व विभाग की ओर से गेंदबाज दीपक ने तीन विकेट झटके।
राजस्व विभाग की टीम 62 रनों पर ही ढेर हो गई। इस तरह ऑटो यूनियन ने 30 रनों के अंतर से मैच जीत लिया। दूसरा मैच एलआईसी एकादश और बिजली बोर्ड के बीच खेला गया। एलआईसी एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हिम्मत के 33 रन और हरदेव के 19 रनों की बदौलत 88 रन बनाए। बिजली बोर्ड की ओर से मनोज ने घातक गेंदबाजी कर चार विकेट हासिल किए। बिजली बोर्ड की टीम ने सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सन्नी ने सबसे अधिक 18, रमेश ने 15 तथा मनोज ने 14 रनों का योगदान दिया। आयोजक राजेंद्र सिंह राजा ने बताया कि शनिवार को प्रतियोगिता में दो मैच खेले जाएंगे।
000