धर्मपुर (मंडी)। प्रदेश भाजपा मीडिया सहप्रभारी एवं धर्मपुर से भाजपा के प्रत्याशी रहे रजत ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में अवैध कटान मामले की मुख्यमंत्री की ओर जांच करवाने के आदेश के बाद लकड़ी को हटाने का प्रयास किया जा रहा है। बहरी गांव में रविवार को कुछ मजदूर डंप की गई लकड़ियों को खुर्द बुर्द करने में जुटे। उन्होंने शंका जताई कि जांच से पहले प्रभावशाली लोग लकड़ियों को हटा सकते हैं।
विशेषकर आम, पीपल, शीशम, तूनी और अन्य ऐसी लकड़ी है जो प्रतिबंधित है। इन्हें हटाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि टीम को कुछ न मिले और मामले को रफा-दफा किया जाए। आरोप लगाया कि जिस जगह पर यह लकड़ी रखी गई है, वह स्थान स्थानीय विधायक चंद्रशेखर की पत्नी कविता शेखर के नाम पर है।
उन्होंने चेताया कि अगर ऐसा किया गया तो फिर इसके खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों से करवाने की मांग की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन से मांग की है कि जब तक यहां जांच पूरी नहीं होती है तब तक यहां किसी के भी आने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया जाए। उन्होंने इसकी शिकायत डीएसपी धर्मपुर को भी कर दी है और उनसे तुंरत कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने कहा कि रजत ठाकुर की शिकायत मिली है। इसे थाना धर्मपुर को आगामी कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया है। संवाद